सड़क की मांग को लेकर बंगापानी तहसील मुख्यालय में धरना देते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बंगापानी से मवानी दवानी होते हुए आलमदारमा तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने बृहस्पतिवार को बंगापानी तहसील कार्यालय के सामने धरना दिया। लोगों ने 20 नवंबर तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू न किए जाने पर पिथौरागढ़-धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।
उनका कहना है कि पिछले दिनों तहसीलदार आईबी मल्ल ने लोनिवि के अवर अभियंता से हुई वार्ता के बाद कहा था कि सड़क निर्माण का काम जल्दी शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को उन्होंने एक हफ्ते का समय दिया था। अभी तक सड़क का निर्माण शुरू होना तो दूर कोई भी देखने के लिए तक नहीं आया है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सात किलोमीटर लंबी इस सड़क की स्वीकृति दो वर्ष पहले हो गई थी और एक वर्ष पूर्व निविदाएं आमंत्रित कर दी गई थी। लोनिवि जानबूझकर सड़क निर्माण के काम में देरी कर रहा है। ग्रामीणों ने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि अब धैर्य की परीक्षा न ली जाए। ग्राम प्रधान रुकमणि देवी ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को भी पत्र भेजा है। धरने पर उत्तम गिरी, पुष्कर सिंह नेगी, भगत सिंह मेहरा, जसपाल सिंह, रमेश धामी समेत कई लोग बैठे।