डीडीहाट-दूनाकोट रोड को पैदल चलने लायक बनाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
खनन के अवैध धंधे में लिप्त माफिया ने डीडीहाट-दूनाकोट सड़क की हालत खराब कर दी है। खनन के लिए पहाड़ी को इस तरह खोद दिया गया है कि सड़क पर आए दिन मलबा गिरता रहता है। वर्तमान में भी सड़क मलबा पटने से बंद है। वहीं, सरकारी तंत्र इन सबसे अनजान बना है।
डीडीहाट से दूनाकोट के लिए 20 किमी लंबी सड़क बनी है। इस सड़क के किनारे सालभर अवैध खनन होता है। सड़क के किनारे से पत्थर बजरी (सेंड) निकालकर बेचा जाता है। खनन के कारण सड़क के आसपास की पहाड़ियों को इस कदर खोखला कर दिया गया है कि सड़क पर अक्सर मलबा गिरता रहता है। 5 जुलाई को सड़क के किलोमीटर 8 और 12 में भारी मात्रा में मलबा गिर गया था, जिसे अब तक लोनिवि ने नहीं हटाया है। सड़क पर पैदल चलना भी कठिन हो गया है। लोग स्वयं पैदल चलने लायक रास्ता बना रहे हैं।
वहीं, लोनिवि, राजस्व विभाग, पुलिस, वन और प्रशासनिक अमला इन सबसे अनजान बना है। सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह धामी ने बताया कि सड़क पर खुलेआम अवैध खनन का धंधा चलता है। वर्तमान में वैध खनन पर भी रोक है, लेकिन दूनाकोट मार्ग पर अवैध खनन के धंधे पर किसी प्रकार की रोकटोक नहीं है। धामी ने कहा अवैध खनन के धंधे के खिलाफ इलाके के लोगों को लामबंद किया जा रहा है। सरकारी तंत्र के खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा। फिर भी अवैध खनन के धंधे पर रोक नहीं लगी तो हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी।