डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट में रामलीला मंचन के सातवें दिन राम, लक्ष्मण का सीता की खोज में निकलना, श्रीराम का विलाप कर पशु पक्षियों से पूछना कि हे खग मृग हे मधुकर श्रेनी, तुम देखी सीता मृग नयनी. का मंचन देख दर्शक भाव विभोर हो गए।. राम का लक्ष्मण के साथ सबरी आश्रम में पहुंचना, सबरी का राम को सुग्रीव का पता बताना, सुग्रीव राम की मित्रता, बालि सुग्रीव युद्ध, बालि का मारा जाना, सीता की खोज में हनुमान का समुद्र पार करके लंका पहुंचने का मंचन किया गया। सातवें दिन की रामलीला का शुभारंभ वॉलीबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने किया। संवाद
मुवानी की रामलीला में राम ने तोड़ा शिव धनुष
मुवानी। मुवानी की रामलीला में तीसरे दिन की रामलीला में सीता स्वयंवर की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। लंका नरेश रावण सहित सभी राजाओं का शिव धनुष तोड़ने में असफल रहना, विश्वामित्र के कहने पर राम का धनुष तोड़ना। शिव धनुष को तोड़ने की खबर पाकर परशुराम क्रोधित होने और लक्ष्मण- परशुराम संवाद का मंचन किया गया। तीसरे दिन की लीला के मुख्य अतिथि कनालीछीना ब्लाक प्रमुख के प्रतिनिधि महिमन कन्याल रहे।
गंगोलीहाट की रामलीला में हुआ परशुराम-लक्ष्मण संवाद
गंगोलीहाट। गंगोलीहाट में आयोजित रामलीला के तीसरे दिन परशुराम- लक्ष्मण संवाद, राम विवाह, राज्याभिषेक की तैयारी, कैकई -मंथरा संवाद तक के दृश्यों का मंचन किया गया। इस अवसर पर व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष हरगोविंद रावल, मुख्य निर्देशक सूबेदार शंकर सिंह रावल, सह निर्देशक किशन उप्रेती, कैलाश सिंह, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष हेमराज रावल, उपाध्यक्ष विजय शाह, सचिव गजेंद्र रावल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल, संरक्षक सूबेदार मोहन सिंह रावल, कैप्टन राजेंद्र सिंह रावल आदि उपस्थित थे। रामलीला मंचन देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शांति व्यवस्था के लिए प्रभारी थानाध्यक्ष नरेंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद रहा।