फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुनेड़ी के जंगल की गुफा में दिखा शावक

Fri, 27 May 2016 10:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
गुफा में दिखा शावक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नगर में एक बार फिर से तेंदुए का आतंक बढ़ने की आशंका है। पिछले तीन-चार दिनों से चंडाक रोड और सेरा गांव में नजर आ रहे तेंदुए के बारे में यह स्पष्ट हो गया है कि उसने पुनेड़ी वन पंचायत में एक गुफा में अपने नवजात बच्चों को रखा है। अभी हालांकि एक ही शावक लोगों की नजर में आया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शावकों की संख्या दो या तीन हो सकती है।
विज्ञापन


शुक्रवार सुबह कुछ बच्चों ने गुफा के पास जाकर शावक के साथ कुछ देर तक छेड़खानी भी की। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस समय शावक को गुफा से हटाना उचित नहीं है। सिर्फ वहां पर सुरक्षा के लिए कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया है ताकि कोई गुफा में जाने का प्रयास न करे।

नगर में 14 फरवरी को तेंदुए के दो शावक, 18 फरवरी को मादा तेंदुआ और 22 फरवरी नर तेंदुआ घुस आया था। कुछ लोगों पर तेंदुओं ने हमला भी किया। अब तीन-चार दिनों से यह बात तेजी से फैली कि नगर में फिर तेंदुए ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को इसका प्रमाण मिल गया। बताया गया कि पुनेड़ी वन पंचायत में तेंदुए का एक शावक गुफा के भीतर है। यह कभी बाहर आ जाता है और दिन के समय गुफा में मादा तेंदुआ नजर नहीं आ रही है। वन रेंजर दिनेश चंद्र जोशी ने बताया कि शावक गुफा के भीतर है, इसलिए उसे हटाना ठीक नहीं है।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि मादा तेंदुआ अपने शावक की सुरक्षा के लिए आसपास ही घूम रही होगी। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि गुफा के आसपास जाने का प्रयास न करें। शुक्रवार को कुछ बच्चों के गुफा में जाकर शावक के साथ छेड़खानी करने की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने वहां पर कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। वन रेंजर ने बताया कि शावक की उम्र करीब दो माह की होगी। वह कम से कम चार महीने तक मां के संरक्षण में रहेगा। इस दौरान विशेष सजगता की जरूरत है। नगर के आसपास फिर से तेंदुए की आवाजाही बढ़ने से लोग दहशत में हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें