मां पूर्णागिरि मेले के सातवें दिन होली के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। पैदल जत्थों के आगे बढ़ने से धाम मां के जयकारों से गुंजायमान है। सुबह से ही मुख्य मंदिर में मां के दर्शन के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगती रहीं। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर मन्नत मांगी। इस बीच मेले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
बीती 27 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का ठूलीगाड़ में उद्घाटन किया था। इस बार भी होली के तत्काल बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, निजी वाहनाें से श्रद्धालुओं का रैला मां के जयकारों के साथ पूर्णागिरि मार्ग पर आगे बढ़ता रहा।
बूम पार्किंग में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्क हुए जबकि छोटे वाहन ठूलीगाड़, भैरव मंदिर तक पहुंचे। अधिक वाहन होने पर भैरव मंदिर पर्यटक आवास गृह परिसर के पास भी वाहन खड़े हुए। ठूलीगाड़ से भैरव मंदिर तक शटल सेवा के तहत 60 टैक्सी वाहनों का संचालन किया गया। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक पैदल जत्थे मां के जयकारे के साथ आगे बढ़ते रहे। मुख्य मंदिर में सुबह से ही लंबी लाइन लग गई।
मुख्य काली मंदिर में एसआई दिलवर भंडारी के नेतृत्व पुलिस टीम भीड़ नियंत्रित करती रही। मंदिर समिति के सचिव सुरेश तिवारी ने बताया कि काली मंदिर क्षेत्र में पानी की समस्या रही। समिति के कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया कि सुबह से ही मुख्य मंदिर में लंबी लाइन लग गई।
ठूलीगाड़ में समाजसेवियों की ओर से लगे भंडारों में प्रसाद के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती रहीं। बूम क्षेत्र में रात के समय एसआई बूम चौकी एसआई संदीप पिल्खवाल ने चेकिंग अभियान चलाया। भैरव मंदिर एसआई देवनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम पार्किंग फुल होने पर वाहनों को अन्यत्र पार्क कराते रहे। एसएसबी की ओर से दिन भर चेकिंग अभियान चलता रहा। मेले पेयजल, लाइट, सुरक्षा, स्वास्थ्य सभी सुविधा सुचारू हो गईं।
ट्रेन में भीड़ इतनी की फर्श पर करना पड़ा सफर
शारदा तट पर स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु, पुण्य की डुबकी लगाई
मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद श्रद्धालु शारदा घाट टनकपुर में स्नान के लिए पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह से ही घाट पर पूजा सामग्री और खान पान की दुकानों पर भी रौनक नजर आ गई। शारदा नदी के किनारे श्रद्धालु दिन भर स्नान करते रहे। पुजारी मोहित त्रिपाठी ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु आने लगे। शारदा नदी के तट पर परिवार के साथ स्नान कर रहे बिल्सी, जिला बदांयू, यूपी निवासी किराना व्यापारी ललित माहेश्वरी ने बताया कि वह 20 साल के बाद मां के दर्शन के लिए परिवार के साथ आए हैं। अब काफी बदलाव आ गया है। व्यवस्थाएं भी बेहतर हो गई हैं। जल पुलिस के तैराक राकेश गिरी के नेतृत्व में टीम शारदा तट पर तैनात रही।
दिन भर रोडवेज बसों का ठूलीगाड़ तक किया संचालन