पिथौरागढ़। लछैर के प्रसिद्ध महाकाली मंदिर में लगे मेले में आस्था की भीड़ उमड़ी। इस दौरान विधि-विधान से मां महाकाली का डोला उठा। जिले के विभिन्न हिस्सों से मेले में पहुंचे लोगों ने मां महाकाली से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
बुधवार को मूनाकोट विकासखंड के अंतर्गत लछैर मेले का शुभारंभ विधायक मयूख महर ने किया। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी धार्मिक संस्कृति का वाहक है, इसे भव्य रूप देने का प्रयास जारी रहेगा। इस दौरान चिराली गांव से विधिविधान से मां महाकाली का डोला उठा। ढोल-नगाढ़ों के साथ मां के जयकारे लगाते हुए डोले को जमतड़ी से चिरलेख गाड़गांव, खेतीगांव, बथौली और दोली होते हुए लछैर मंदिर तक लाया गया। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
डोले के विसर्जन पर मां महाकाली और अन्य देवडांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दिया। जिला मुख्यालय के साथ ही कनालीछीना, पलेटा, नैनीपातल, सीरड़, जाजरदेवल, बीसाबजेड़ सहित अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में भक्त मां कालिका का आशीर्वाद लेने लछैर पंहुचे। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष उमेद सिंह खनका, प्रधान कुंडल महर, ललित मोहन दिगारी, गणेश दत्त भट्ट, मनोज कोहली, कोमल शाही, राजेंद्र थापा, श्याम सिंह, पुष्कर सिंह, धर्म सिंह, आशीष दिगारी आदि उपस्थित रहे।
पुलिस कर्मी सुरक्षा में डटे रहे
पिथौरागढ़। मेले में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। जिला मुख्यालय सहित अन्य थानों से पुलिस जवानों और अधिकारियों की मेले में तैनाती की गई। पुलिस कर्मी मेले में शांति व्यवस्था के साथ ही लोगों की सुरक्षा में डटे रहे। वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
-
लगा जाम, लोग रहे परेशान
पिथौरागढ़। लछैर मेले में शामिल होने जिले के विभिन्न हिस्सों से लोग अपने वाहनों से पहुंचे। संकरी सड़क होने से लछैर से नैनीपातल तक लंबा जाम लगा रहा। ऐसे में लोगों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। पुलिस कर्मियों को जाम खोलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। दो घंटे बाद सड़क पर आवाजाही सुचारू होने से सभी ने राहत महसूस की।