नेपाल के बैतड़ी जिला अंतर्गत गिरेगाड़ा वार्ड नंबर पांच में एक विवाहिता
की हत्या के मामले में उसके पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया गया है।
मायके वालों ने जलती चिता से लाश को खींच लिया और पोस्टमार्टम के लिए
बैतड़ी जिला मुख्यालय पहुंचा दिया। इस सनसनीखेज घटनाक्रम की यहां बड़ी
चर्चा है।
गिरेगाड़ा गांव में गुनी चंद (22) पत्नी धनी चंद की रविवार
को आकस्मिक मौत हो गई। ससुरालवालों ने महिला के मायके जैबलकटिया गांव में
उसके परिजनों को यह सूचना दे दी कि गुनी चंद ने आत्महत्या कर ली है। सूचना
मिलते ही मृतका के पिता गोपी चंद और अन्य लोग गिरेगाड़ा गांव पहुंच गए। तब
तक गुनी चंद के शव को चिता में रखकर आग लगा दी गई थी। मृतका के पिता गोपी
चंद तथा अन्य लोगों ने चिता से लाश खींच ली और पुलिस को सूचना दे दी। नेपाल
पुलिस के प्रहरी निरीक्षक लक्ष्मण शाही ने बताया कि गोपी चंद ने मृतका के
पति धनी चंद, ससुर जय चंद और सास जानकी चंद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट
लिखाई है।
इसी आधार पर मंगलवार देर शाम तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। गुनी चंद के सिर और मुंह
पर चोट के गंभीर निशान मिले।