पांच माह पूर्व हुए बहुचर्चित नानकमत्ता डबल मर्डर केस की तफ्तीश पूरी कर पुलिस ने चार्जशीट जिला एवं सत्र न्यायालय में दाखिल कर दी है। पुलिस का दावा है कि तफ्तीश में वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कई पुख्ता सबूत जुटाए गए हैं।
बनबसा के धस्माना अस्पताल से जुड़े नानकमत्ता डबल मर्डर केस का खुलासा कर ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस ने अस्पताल कर्मी बरेली निवासी विजय गंगवार और नर्स निशा शर्मा की हत्या में लिप्त अस्पताल के एमडी आशीष धस्माना उसके नौकर इदरीश को गिरफ्तार किया था। दोनों हत्यारोपी अभी भी जेल में हैं।
मृतक युवक और युवती के सिर और दोनों हाथ और दोनों पैर काटकर इस तरह नृशंस हत्या की गई थी कि देखने वालों की रूह कांप उठी थी। घटना बनबसा से जुड़ी होने के कारण वारदात की तफ्तीश ऊधम सिंह नगर से चंपावत जिले की पुलिस को ट्रांसफर की गई थी। तफ्तीश कर रहे टनकपुर के कोतवाल कमल राम आर्य ने बताया कि तफ्तीश पूरी कर 22 दिसंबर को ही जिला एवं सत्र न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। तफ्तीश में आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं। तफ्तीश में 56 लोगों को गवाह बनाया गया है।
खुलासे में 10 दिन उलझी रही थी पुलिस
टनकपुर (चंपावत)। नानकमत्ता के इस बहुचर्चित डबल मर्डर केस ने पुलिस को 10 दिन तक उलझाए रखा था। हत्यारों ने छह सितंबर की रात बनबसा में धस्माना आवास पर वारदात को अंजाम देकर दोनों की सिर और हाथ-पैर कटी लाशों को नानकसागर के किनारे फेंक दिया था। सात सितंबर को शव बरामद होने के बाद ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस ने हत्यारोपियों को पकड़ कर 17 सितंबर को वारदात का खुलासा किया था।