फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईटीबीपी की बस दुर्घटनाग्रस्त, हवलदार समेत दो की मौत

Wed, 02 May 2018 10:21 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मुनस्यारी
विज्ञापन
मुनस्यारी के बनिक के पास दुर्घटनाग्रस्त आईटीबीपी की बस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुनस्यारी से पिथौरागढ़ जा रही आईटीबीपी 14वीं वाहिनी की बस बुधवार सुबह असंतुलित होकर सड़क से 100 मीटर नीचे गिर गई। हादसे में मुनस्यारी निवासी हवलदार और जोेधपुर (राजस्थान) निवासी सिपाही की मौत हो गई, जबकि राजस्थान निवासी चालक और धारचूला के बरम निवासी एक सिपाही घायल हो गए। चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रथमदृष्ट्या हादसे की वजह संकरी सड़क बताई जा रही है।

विज्ञापन


बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आईटीबीपी की बस (सीएच 01 जीए-5772) मुनस्यारी से पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुई। बस में चालक समेत चार लोग थे। बस 30 किमी दूर गिरगांव और बनिक के बीच पहुंची ही थी कि असंतुलित होकर सड़क से नीचे गिर गई। पलटी खाते हुए बस करीब 100 मीटर नीचे उसी सड़क के किनारे अटक गई। हादसे में आईटीबीपी के हवलदार त्रिभुवन सिंह देवली (52) पुत्र चंद्र सिंह निवासी वल्थी मुनस्यारी और सिपाही दामा राम (28) पुत्र मोहन राम निवासी जोधपुर (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही धनी चंद (26) पुत्र लच्छी राम निवासी बरम (धारचूला) और कांस्टेबल (चालक ) नरेंद्र सिंह (27) पुत्र रघुवीर सिंह निवासी झुंझुनू (राजस्थान) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व उप निरीक्षक दीनदयाल वर्मा और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से निकाला। निजी वाहनों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुनस्यारी लाया गया। एसडीएम केएन गोस्वामी, आईटीबीपी के द्वितीय कमान अधिकारी सुनील कुमार, थानाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट भी अस्पताल पहुंचे। दोपहर बाद 1.10 बजे घायलों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बरेली स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार चालक नरेंद्र सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। हवलदार और सिपाही के शवों का पंचनामा भरकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। 
विज्ञापन


अव्यवस्था : घायलों का एक्सरे तक नहीं हो पाया
पीपीपी मोड में संचालित मुनस्यारी अस्पताल की अव्यवस्था एक बार फिर घायलों के इलाज में आड़े आई। अस्पताल की एक्सरे मशीन खराब होने के कारण दोनों घायलों का एक्सरे नहीं हो पाया। मुनस्यारी में बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत संचालित वैन में एक्सरे मशीन है, लेकिन जनरेटर में पेट्रोल नहीं था। अव्यवस्था को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है। कहा है कि सीमांत क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें