डीडीहाट से दूनाकोट जा रही जीप के ब्रेक फेल हो गए। जीप में सवार नौ लोगों की जान चालक की सूझबूझ के कारण बच गई। ब्रेक फेल होने का आभास होते ही चालक ने जीप को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। जीप एक चट्टान से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। इस घटना में राजकीय हाईस्कूल लेकधार में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र राम को गंभीर चोट आ गई। चालक समेत आठ यात्रियों को मामूली चोट आई और उनको प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
थाना प्रभारी ध्यान सिंह ने बताया कि आज सुबह यात्रियों से भरी जीप (यूके 05 टीए-0096) डीडीहाट से दूनाकोट के लिए रवाना हुई। दूनाकोट से करीब तीन किलोमीटर पहले एक ढलान में जीप के ब्रेक फेल हो गए और यह अनियंत्रित होकर भागने लगी। चालक पदम सिंह ने सूझबूझ का परिचय दिया और जीप को रोकने के लिए पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। जीप तेज झटका खाने के बाद बीच सड़क में पलट गई। यदि चालक जीप को पहाड़ की तरफ नहीं मोड़ता तो बड़ा हादसा हो जाता। राजस्व उपनिरीक्षक विजय साह भी पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. बीएस मेहरा ने बताया कि महेंद्र राम को ज्यादा चोट होने के कारण जिला अस्पताल भेज दिया गया है। अन्य यात्रियों को मरहम पट्टी के बाद घर भेज दिया है।