एसओजी ने विस्फोटक सामग्री और शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के खिलाफ विस्फोटक और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक से पूछताछ की जा रही है।
एसपी रामचंद्र राजगुरु के निर्देश पर सीओ शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में अवैध वस्तुओं और मादक पदार्थों की धरपकड़ को लेकर इन दिनों अभियान चलाया गया है। शनिवार को मुखबिर ने एसओजी टीम को कंतगांव के गोगना में दुकानदार की ओर से हरियाणा की शराब बेचने और उसके पास विस्फोटक सामग्री होने की सूचना दी। एसओजी ने राजस्व और आबकारी टीम के साथ दुकान में तलाशी ली तो दुकान से जिलेटिन की 19 छड़ें और नौ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर बरामद हुए। तलाशी में हरियाणा निर्मित शराब की 26 बोतलें, 48 पव्वे और बियर की 18 बोतलें भी बरामद हुईं।
इसके बाद पुलिस ने दुकानदार महेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। राजस्व पुलिस ने उसके खिलाफ 5/9ख विस्फोटक अधिनियम 1884 और आबकारी विभाग ने 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। टीम में एसओजी प्रभारी प्रकाश मेहरा, कां.अनिल मर्तोलिया, मनमोहन भंडारी, राजकुमार, अशोक कालाकोटी, बलवंत वल्दिया, धीरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, पुष्कर बसेड़ा, राजस्व उपनिरीक्षक गजराज सिंह, देवराज सिंह शामिल थे।