बलुवाकोट-पय्यांपौड़ी मार्ग पर इसी जगह हुई बाइक दुर्घटना
- फोटो : अमर उजाला
बलुवाकोट से अपने गांव गोठानी पय्यांपौड़ी जा रहे पूर्व फौजी की बाइक शनिवार शाम गुईयां के पास खाई में गिर गई। पूर्व फौजी का शव रविवार सुबह खाई से बरामद हुआ। रातभर शव खाई में ही पड़ा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना खराब सड़क के कारण हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि गोठानी निवासी पूर्व फौजी जगदीश सिंह ऐरी (36) पुत्र खुशाल सिंह शनिवार को सामान खरीदने के लिए बलुवाकोट बाजार गए थे और शाम को करीब छह बजे वह बाइक से गांव लौट रहे थे। बलुवाकोट और गोठानी के बीच गुईयां नामक स्थान पर उनकी बाइक खाई में गिर गई। इस सड़क पर रात के समय वाहनों और लोगों की आवाजाही कम रहती है, इस कारण किसी को भी इस हादसे की जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह जब परिवार के लोग जगदीश सिंह की खोजबीन के लिए निकले तो उनको खाई में गिरी बाइक और उससे कुछ दूरी पर जगदीश का शव मिला।
जगदीश कुमाऊं रेजीमेंट से एक साल पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। बच्चों को पढ़ाने के लिए उन्होंने पिथौरागढ़ नगर में किराए पर कमरा ले रखा है। दिवाली त्योहार के लिए जगदीश अपनी पत्नी नंदा देवी, बेटा हरीश और सागर समेत गोठानी गांव आए हुए थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र थापा और बलुवाकोट के समाजसेवी चंचल सिंह ऐरी का कहना है कि इस हादसे के लिए खराब सड़क जिम्मेदार है। दो साल से सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लोगों के लिए खतरा पैदा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क दुरुस्त नहीं हो जाती तब तक इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाए।