पिथौरागढ़। नगर के एक व्यापारी से 2600 रुपये साइबर क्राइम के माध्यम से लेने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली में शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार दोपहर के समय नगर के एक व्यापारी के मोबाइल पर 9997904259 नंबर से काल आई। आरोपी ने अपने आप को पिथौरागढ़ के एक बैंक का कर्मचारी और निवासी तिलढुकरी बताया। उसने कुछ सामान का आर्डर करने की बात कही। इसके एवज में 500 रुपये पीड़ित के पेटियम एकाउंट में डालने की बात कही। व्यापारी द्वारा पेटियम नंबर देने के बाद उसने दो बार में 1500 और 1100 रुपये की रकम अपने एकाउंट में ट्रांसफर कर ली। खाते में 2630 रुपये की ही रकम होने से वह 2600 रुपये निकालने में सफल रहा। पीड़ित व्यापारी ने इसकी सूचना प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली को दी। प्रभारी निरीक्षक पीएस नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद सर्विलांस को दे दिया है। पीड़ित व्यक्ति से मामले के संबंध में सभी साक्ष्य ले लिए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को रुपया ट्रांसफर करने के लिए अपने खाते के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दें। यदि कोई बार-बार फोन कर परेशान करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।