बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। भट्टीगांव-त्रिपुरादेवी मार्ग पर डामरीकरण के बाद बेड़ीनाग के लिए बाइपास बनने से नगर में वाहनों का दबाव कम हुआ है, लेकिन इसके साथ ही सड़क पर बाइकरों का स्टंट दुर्घटनाओं का सबब बना है। नई सड़क पर बाइकरों का गैंग उत्पात मचा रहा है। इनके स्टंट के फेर में एक बाइक सवार 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
रोजाना की तरह बृहस्पतिवार सुबह भी सड़क पर दो बाइकर स्टंट कर रहे थे। इस बीच वहां से गुजर रहे स्थानीय निवासी भगवत पंत बाइकरों के स्टंट की चपेट में आ गए। स्टंट से बचने के चक्कर में बाइक सवार भगवत अनियंत्रित हुई बाइक (यूके 05/8675) समेत सड़क से नीचे 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। राहगीरों ने उन्हें खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि उन्हें आंशिक चोट आई।
अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इधर, वन पंचायत भट्टीगांव के सरपंच कैलाश चन्याल ने सड़क पर बाइकरों के उत्पात की शिकायत पुलिस से की है। सरपंच का आरोप है कि बाइकरों ने क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग कर दी है। दिनभर बाइकरों का उत्पात जारी रहता है। इससे सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बना है। थाना प्रभारी बलवंत कांबोज का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। बाइकरों से सख्ती से निपटा जाएगा।
कार नाली में घुसी
बेड़ीनाग। खितोली-ग्वीर मार्ग पर पंचपूरा के पास एक कार नाली में जा गिरी। कार का स्टेयरिंग लॉक होने से यह दुर्घटना हुई। कार में पांच सवारियां और छोटे बच्चे थे, जिन्हें मामूली चोट आई है। अगर कार विपरीत दिशा की तरफ गहरी खाई में गिरती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मौके से गुजर रहे भूवैज्ञानिक और प्रभारी खान अधिकारी प्रदीप कुमार ने वाहन को नाली से निकलवा कर यात्रियों को बेड़ीनाग भिजवाया। ब्यूरो