झूलाघाट (पिथौरागढ़)। एसएसबी ने भारत में प्रतिबंधित 22 हजार रुपये मूल्य की खुकरी सिगरेट पकड़ी है। सिगरेट को पिकअप वाहन में छिपा कर पिथौरागढ़ ले जा रहे थे।
एसएसबी ने वाहन चालक को सिगरेट के साथ कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
तस्कर महाकाली नदी पार कर जमतड़ी के रास्ते शुक्रवार शाम 440 पीस खुकरी सिगरेट को पिकअप (यूके 05 सीए-0552) से पिथौरागढ़ ले जा रहे थे। क्वीतड़ के पास 55 एसएसबी डी कंपनी के जवानों ने तेजी से आ रहे वाहन की तलाशी ली तो उसमें 22 हजार रुपये की सिगरेट बरामद हुई।
एसएसबी ने सिगरेट, चालक और वाहन को कस्टम विभाग को सौंप दिया है। टीम में एएसआई भगत सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार, रवि कुमार और शहजाद मौजूद रहे। कस्टम विभाग के अधीक्षक श्रीधर शुक्ला और निरीक्षक जितेंद लाल वर्मा ने बताया वाहन और सिगरेट को सीज कर दिया गया है। चालक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया है।