धारचूला (पिथौरागढ़)। थर्टी फर्स्ट के जश्न के दौरान यहां छाना गांव समेत तवाघाट में भी दो गुटों में मारपीट हो गई। पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हो गई है। थाना प्रभारी प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि छाना गांव में थर्टी फर्स्ट के जश्न के दौरान कुछ युवकों का प्रेम सिंह (27) पुत्र हर सिंह के साथ झगड़ा हो गया।
कुछ देर बाद सभी अपने अपने घरों को चले गए लेकिन आधी रात के बाद दूसरे गुट के कई लोग प्रेम सिंह के घर में घुस गए। उन्होंने परिवार के सदस्यों के सामने ही प्रेम सिंह की लाठी, डंडों से पिटाई कर दी। रात ही में परिवार के लोग प्रेम सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। प्रेम सिंह ने गांव के ही जितेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, हीरा सिंह, विमला देवी समेत कुछ अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तवाघाट में भी रविवार रात दो गुटों में मारपीट हुई। पुलिस की टीम तवाघाट गई है।