मुनस्यारी(पिथौरागढ़) । मुनस्यारी मिलम पैदल मार्ग पर राड़ी मैन सिह टॉप के पास एक दर्जन ज्यादा थुनेर के पेड़ तस्करों ने काट दिए। वन विभाग को पेड़ काटे जाने की कोई सूचना नहीं है।
मुनस्यारी मुख्यालय से 24 किमी दूरी पर राड़ी मैन सिह टॉप मे थुनेर के कुछ पेड़ 60 साल से भी पुराने हैं जिसमें आधे दर्जन पेड़ों को तस्कर काट कर ले गए जबकि कुछ पेड़ों को काट कर छोड़ दिया गया है। थुनेर में मुनस्यारी वन विभाग एक ओर करोड़ों रुपये पौधरोपण के लिए खर्च कर रहा है वही 100 साल पुराने पेड़ों पर आरी चलवा रहा है। वन विभाग के अधिकारी पातलथौड़ नामक स्थान पर इको पार्क बनाने मे जुटे हैं। वनों की निगरानी राम भरोसे है। जिसका फायदा उठा कर जंगलों में तस्कर संरक्षित प्रजाति के पेड़ पौधों को काट रहे हैं। जिस कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मुनस्यारी के क्विरीजिमिया,राड़ी मैन सिह टॉप,नामिक, थामरी कुण्ड,नागनी धूरा,गांधी नगर, हुमा धूरा आदि स्थानों पर थुनेर पाया जाता है। 2400 मीटर से 2800 मीटर की ऊचाईं पर यह पेड़ पाया जाता है जिसको मेडिसिनल प्लांट माना जाता है जो कैंसर जैसी दवाइयों के लिए रामबाण माना जाता है। स्थानीय लोग थुनेर की छाल को चाय पत्ती की तरह प्रयोग करते हैं।
वन विभाग के रेंजर पूरन सिंह देउपा का कहना है कि एक टीम उक्त क्षेत्र में भेजी जा रही है उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।