बैतड़ी में जीप दुर्घटना, दो लोगों की मौत
बैतड़ी/झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल के बैतड़ी जिले में बृहस्पतिवार दोपहर में हुई जीप दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बैतड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
बैतड़ी प्रहरी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे तल्लासोराड़ से सुल्लेखाल को जा रही जीप शिवनाथ वार्ड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप का अगला टायर अचानक निकल गया और जीप 20 मीटर खाई में जाकर एक चट्टान से अटक गई। दुर्घटना में जीप में सवार शिवनाथ वार्ड संख्या 4 निवासी लाल सिंह मेहता (48) और जीप चालक कैलाली जिले के साड़ेपानी निवासी शिवनाथ चौधरी (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में जीप स्वामी कैलाली निवासी हिकमत बोहरा और हरिदत्त भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। बैतड़ी के प्रहरी निरीक्षक सुरेंद्र बम ने बताया कि जीप में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोट आई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।