मुनस्यारी/मदकोट (पिथौरागढ़)। अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए धारचूला प्रशासन ने बीआरओ के तीन टिप्पर और एक पिकअप को सीज कर दिया है।
तहसील प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार को एसडीएम आरके पांडेय बंगापानी तहसील आ रहे थे। इसी बीच सेराघाट से बंगापानी की ओर रेत लेकर जा रहे बीआरओ के तीन टिप्परों को एसडीएम ने रोक लिया। उन्होंने चालकों से कागज दिखाने को कहा लेकिन वह नहीं दिखा पाए। इस पर उन्होंने तीनों चालकों को टिप्पर तहसील परिसर में खड़े करने के निर्देश दिए।
पिकअप संख्या यूके 05सीए-0232 को मदकोट पुलिस चौकी में रखा गया है। एसडीएम ने कहा कि बरसात के सीजन में विगत 15 जून से खनन पर प्रतिबंध है। यदि इसके बाद भी कोई अवैध खनन करता पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन कर रहे लोगों में हड़कंप मचा है।