मुवानी (पिथौरागढ़)। साइबर अपराधियों ने एक महिला के खाते से 30 हजार रुपये उड़ा दिए। बैंक में एंट्री करने पर एक माह बाद खाते से रकम उड़ाने की जानकारी हुई। महिला के पति ने थल थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस से रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
मुगरौली निवासी शिक्षक त्रिभुवन राठौर की पत्नी गीता राठौर का स्थानीय स्टेट बैंक में खाता है। उनकी पत्नी वर्तमान में हल्द्वानी में रहती हैं। दो दिन पहले जब शिक्षक पासबुक में एंट्री कराने बैंक गए तो उन्हें खाते से 30 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। जब उन्होंने बैंक में पूछताछ की तो 11 मार्च को 10 हजार रुपये, जबकि 12 मार्च को 20 हजार रुपये निकालने की बात सामने आई।
बैंक अधिकारियों के अनुसार यह धनराशि नोएडा के एक एटीएम से निकाली गई है। त्रिभुवन राठौर के अनुसार एटीएम कार्ड उनकी पत्नी के पास है। शिक्षक की तहरीर पर थल थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो