पिथौरागढ़। नगर के निराड़ा गांव में हुई बुजुर्ग की मौत के मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार रात निराड़ा में पार्टी का आयोजन किया गया था। इस दौरान 70 वर्षीय नारायण नाथ और पूरन भट्ट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट हो गई।
इस मारपीट में बुजुर्ग नारायण नाथ की मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में सोमवार को मृतक के पुत्र महेश नाथ की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पूरन भट्ट के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।