पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र की कई हाईटेंशन लाइनें पेड़ों से होकर गुजर रहीं हैं। लॉपिंग नहीं होने से यह लाइनें खतरा बनी हैं। महादेव धारे के पास दाड़िखोला को जाने वाली लाइन के तारों से पेड़ की टहनियां छूने से दो दिनों से आग लग रही है। इसके बावजूद पेड़ की टहनियां नहीं काटी गई।
सोमवार रात आग लगने के बाद जोरदार धमाके के साथ हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया था। मंगलवार को बिजली विभाग ने इस तार को तो जोड़ दिया, लेकिन पेड़ की लॉपिंग नहीं की। इससे मंगलवार रात भी पेड़ की टहनियों में आग लगती रही। बुधवार सुबह भी आग लगने के बाद जोरदार आवाज के बाद बिजली गुल हो गई। इस स्थल पर कई मार्ग और खेत हैं, जिनसे आवाजाही होती रहती है। आग के बाद करंटयुक्त तार टूटने से हादसे की भी आशंका बनी है।