झूलाघाट (पिथौरागढ़)। बैतड़ी से विवाहिता को भगाकर मुंबई ले जा रहे युवक को नेपाल पुलिस ने पकड़ लिया। नेपाल पुलिस ने विवाहिता समेत युवक एवं उसकी मां को पूछताछ के लिए अनुसंधान शाखा को सौंप दिया है।
जूलाघाट प्रहरी से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम एक युवती झूलापुल से भारत की ओर आ रही थी। शक होने पर जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने युवती के पास मिले मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर जानकारी लेने का प्रयास किया। जिसमें अंतिम नंबर डायल करने पर एक युवक ने फोन उठाया। बातचीत में युवक ने स्वयं के झूलाघाट बाजार में होने की बात कही। पुलिस के कहने पर युवती ने जब युवक को बुलाया तो वह अपनी मां के साथ वहां पहुंचा।
पूछताछ में उसने अपना नाम विरेंद्र पार्की निवासी गड्डाचौकी जिला कंचनपुर नेपाल बताया। उसने बताया कि वह मुंबई के एक होटल में काम करता है, जबकि उसकी मां खटीमा में किसी के घर में काम करती है। युवक के अनुसार युवती के साथ उसकी फोन पर जान पहचान हुई। मंगलवार शाम वह युवती को लेने के लिए अपनी मां के साथ झूलाघाट आया था और एक होटल में रुका था। उसी के बुलाने पर युवती घर से भागकर जूलाघाट पहुंची थी।
बैतड़ी के थाना प्रभारी सीडी पांडा ने बताया कि तीनों को पूछताछ के लिए अनुसंधान शाखा को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि युवती विवाहिता है। उसके मायके और पति को मामले की सूचना दे दी गई है। इस मामले को मानव तस्करी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।