नजीबाबाद। बाजार से खरीददारी कर घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन लूटकर बदमाश भाग निकले। आदर्शनगर निवासी रवि शर्मा की पत्नी शोभा शर्मा बुधवार की शाम बाजार से खरीददारी कर घर लौट रही थीं। कृष्णा टाकीज चौराहे के निकट बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन लूट ली और मालगोदाम तिराहे की ओर भाग निकले। महिला ने काफी शोर मचाया, मगर बाइक सवार बदमाश आंखों से ओझल हो गए।
ट्रांसफार्मर फुंका, नागरिक परेशान
नजीबाबाद। जाब्तागंज में ट्रांसफार्मर फुंकने से पूरी रात जाब्तागंज और आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा पसरा रहा। मंगलवार की देर शाम ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिजली गुल हो गई। चेकिंग के दौरान ट्रांसफार्मर फुंकने की पुष्टि हुई। क्षेत्रीय लोग पूरी रात भीषण गर्मी में परेशान रहे। मुस्लिम बहुल क्षेत्र होने के कारण उपभोक्ताओं ने विद्युत निगम के प्रति नाराजगी जताई। नागरिकों का कहना था कि भीषण गर्मी और रमजान माह को देखते हुए विद्युत निगम को फुंका ट्रांसफार्मर बदलवाना चाहिए था।
पौधरोपण किया
मंडावली। करुणा समाजसेवा संस्थान राजपुर नवादा की ओर से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसरार अहमद के नेतृत्व में आयोजित संगोष्ठी में सिस्टर जस्सी, सिस्टर लाइसा, गौरव, अंकुर, सविता, मुन्नी, माया, ओमवती, चंद्रावती आदि ने कार्यक्रम में भाग लेकर पौधरोपण किया।
हड़ताल पर रहे ग्रामीण डाक सेवक
नजीबाबाद। ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हड़ताल में शामिल ग्रामीण डाक सेवकों ने कामकाज ठप रखते हुए मुख्य डाकघर पर धरना दिया। धरना प्रदर्शन में वीरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अरविंद शर्मा, परम सिंह, सुरेश, रामपाल, सुनीला, तुलाराम, मेहर सिंह, जयप्रकाश शामिल रहे।