कनालीछीना (पिथौरागढ़)। पुलिस ने दिल्ली नंबर की एक कार से चंडीगढ़ में बनी 312 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। वाहन को सीज कर दिया है।
मंगलवार देर शाम पीपली मोड़ तिराहे पर वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार (डीएल 4 सीएई-6265) देखकर रुकने का इशारा किया, लेकिन कार रुकने के स्थान पर जौरासी सड़क पर तेजी से निकल गई। कनालीछीना पुलिस ने अस्कोट थाने की पुलिस के साथ कार की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की। कनालीछीना से 20 किमी आगे जौरासी मार्ग पर सेलमा नामक स्थान पर पुलिस ने कार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार की सीट के नीचे शराब की 312 बोतलें छिपाई गई थी।
थानाध्यक्ष महेश कांडपाल ने बताया कि रोहताश कुमार निवासी सैंदिल थाना अडेवा जिला जिंद हरियाणा, सुरेंद्र सिंह निवासी नगौरा थाना अडेवा जिला जिंद हरियाणा शराब को क्षेत्र में बेचने के लिए ला रहे थे। शराब पकड़ने वाले पुलिस दल में आसिफ खान, तेज कुमार, आनंद राणा आदि शामिल थे।