बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। कमदीना गांव में निर्माणाधीन धर्मशाला का लेंटर गिरने से चार मजदूरों समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
गांव में विधायक निधि से कार्यदायी संस्था विकासखंड एक लाख रुपये की लागत से धर्मशाला का निर्माण कर रही है। निर्माणाधीन धर्मशाला में पिलर खड़े कर लेंटर डाल दिया गया था। शनिवार को मजदूर लेंटर पर पलस्तर कर रहे थे। तभी लेंटर मय पिलरों के गिर गया। हादसे में मजदूर ठाकुर सिंह बाफिला (72), प्रेम राम (55), पुष्कर राम (40), गणेश राम (59), रोहित कुमार (12) चोटिल हो गए।
रोहित मजदूर गणेश का पुत्र है। घटना के वक्त वह पिता को पानी देने गया था। घायलों को 108 से बेड़ीनाग सीएचसी लाया गया। चिकित्सक संदीप कुमार ने बताया कि घायलों को अंदरूनी चोटों आई हैं। जांच के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल
विधायक निधि से बने रही धर्मशाला का लेंटर और पिलर टूटने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। निधि के एक लाख रुपये की लागत से इस धर्मशाला का निर्माण चल रहा है। निर्माण अंतिम चरण में था। निर्माणाधीन धर्मशाला के टूटने के बाद निधि के दुरुपयोग की आशंका को बल मिला है। कुछ ग्रामीणों ने भी कामकाज की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी नवीन चंद्र उपाध्याय का कहना है कि अब तक दुर्घटना की जानकारी नहीं है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच कराई जाएगी।