डीडीहाट (पिथौरागढ़)। ससुराल गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने युवक की पत्नी पर उसे जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। राजस्व की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
डीडीहाट तहसील के कूणा पंथाली गांव का होशियार सिंह पुत्र नैन सिंह अपने सुसराल डीडीहाट तहसील के ही रानीखेत गांव में गया था। 15 अगस्त की रात होशियार सिंह ने अपने भाई चंदन सिंह को फोन पर भेजे मैसेज में लिखा कि उसे उसकी पत्नी ने जहर खिला दिया है। चंदन सिंह ने बताया कि मैसेज मिलने के बाद उसने कई बार अपने भाई के सुसराल में फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
रात करीब साढ़े तीन बजे रानीखेत के ग्रामीण होशियार सिंह को लेकर डीडीहाट के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया। चंदन ने होशियार की पत्नी के साथ ही ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए राजस्व पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी हैं। राजस्व निरीक्षक किशन सिंह भंडारी के नेतृत्व में जांच के लिए टीम रानीखेत गांव रवाना हो गई है।