पिथौरागढ़। गांवों में मोबाइल टॉवर लगाने और लाखों रुपये मिलने का झांसा देकर नोएडा की एक कंपनी ने कई प्रधानों ने हजारों रुपये जमा कर लिए। अब कंपनी प्रतिनिधियों से संपर्क करने पर प्रधानों को जल्द रुपये मिलने का भरोसा देकर गुमराह किया जा रहा है।
दिगरा मुवानी के जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल में नोएडा स्थित किसी टेलीनॉर कंपनी का फोन आया। उनसे कहा गया कि उनके गांव देवलथल के उसैल में कंपनी का टावर लगना है। टॉवर 20 वर्ष के अनुबंध पर लगाया जाएगा। इसके लिए उन्हें पहली किश्त के रूप में नौ लाख रुपये दिए जाएंगे। साथ ही प्रतिमाह चौकीदार का खर्चा भी दिया जाएगा। कंपनी ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2050 रुपये उनसे ले लिए। यही नहीं कंपनी की ओर से नौ लाख रुपये का चैक बनाकर उनके व्हाट्स एप नंबर पर भी डाल दिया। इसके झांसे में आकर उन्होंने 24 जून को टीडीएस के नाम पर 18500 रुपये की धनराशि भी कंपनी के किसी व्यक्ति के अकाउंट में जमा करा दी। उनसे कहा गया कि एक घंटे के अंदर उनके खाते में रुपये आ जाएंगे। खाते में रुपये नहीं आने पर जगदीश को ठगे जाने का अंदेशा हुआ। उन्होंने बताया कि बडलचमू, उड़ई, लोहाकोट समेत कई जगहों के प्रधानों ने टॉवर के नाम पर रुपये जमा किए हैं। जगदीश कुमार अब इस मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
टॉवर लगाने या अन्य किसी भी नाम पर कोई कंपनी रुपये जमा कराने की बात करती है तो लोग सावधान रहे। बगैर पुख्ता जानकारी लिए लोग ऐसी कंपनियों के झांसे में नहीं आए। शेखर सुयाल, पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़।