धारचूला। धारचूला नगर में हंगामा काट रहे एक युवक को टोकने पर युवक ने पुलिस कर्मी के साथ ही मारपीट और गालीगलौज कर दी। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया हैै। आरोपी युवक को सोमवार को डीडीहाट न्यायालय में पेश किया जाएगा।
रविवार की देर शाम को पुलिस कर्मी गश्त कर रहे थे। शिव मंदिर लाइन में कुछ लोगों के हंगामा काटने की शिकायत पर जब गश्ती दल मौके पर पहुंचा तो हंगामा काट रहे ज्ञान सिंह ने पुलिस कर्मी विजय कुमार के साथ ही मारपीट कर दी। इस घटना से वहां पर अफरातफरी मच गई। भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आरोपी युवक का मेडिकल कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की 323, 353,504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।