धारचूला(पिथौरागढ़)। सीमांत के खुमती निवासी एक युवक की चट्टान से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार खुमती (कटौजिया) निवासी दौलत सिंह पुत्र खीम सिंह उम्र 37 वर्ष 16 जनवरी को बकरी चराने गांव के समीपवर्ती जंगल गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। 17 जनवरी को उसकी ढूंढ़ खोज की गई लेकिन कहीं नहीं मिला।
शुक्रवार को सभी ग्रामीणों ने जब खोजबीन की तो उसका शव पहाड़ी के ठीक नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर बलुवाकोट से थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर महेश अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। ग्राम प्रधान विमला देवी ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।