धारचूला में युवक की हत्या के मुख्य आरोपी धारचूला निवासी चंद्र सिंह खैर (चंदू) को बुधवार को पुलिस ने टनकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वह नेपाल भागने की फिराक में था और रुपये खत्म होने पर परिचित से कुछ रकम लेने टनकपुर आया था।
धारचूला में युवक की हत्या के मुख्य आरोपी धारचूला निवासी चंद्र सिंह खैर (चंदू) को बुधवार को पुलिस ने टनकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। वह नेपाल भागने की फिराक में था और रुपये खत्म होने पर परिचित से कुछ रकम लेने टनकपुर आया था। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम रखा था। फरार दूसरे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
विज्ञापन
आठ जून की शाम धारचूला बाजार में कमलेश दानू की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता गोवर्द्धन सिंह ने चंदू खैर और सचिन नबियाल सहित अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए धारचूला थाने में तहरीर दी थी।
पुलिस ने चंदू और सचिन के खिलाफ धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था। आरोपियों के फरार होने पर पुलिस ने दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने चार टीमों का गठन किया था।
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के साथ ही एसओजी चंपावत की भी सहायता ली गई। पुलिस टीमों ने पूछताछ के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से लगातार प्रयास किए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार 17 दिन बाद 25 जून को पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी धारचूला के सिरखा निवासी चंद्र सिंह खैर उर्फ चंदू खैर को टनकपुर के मनिहार गोठ रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था।