पुलिस लाइन में महीने के पहले शुक्रवार को क्राइम मीटिंग होगी। उस दिन अनिवार्य रूप से सभी थाना प्रभारी परेड में भाग लेंगे। छह नवंबर से यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। तमाम पुलिसकर्मियों ने परेड में हिस्सा लिया, जबकि एलआईयू के कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों को चुस्त दुरुस्त रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
बाद में हुई अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कहा कि दिवाली के समय अवैध शराब की बिक्री और जुएं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि सिर्फ जिला मुख्यालय की कोतवाली के अलावा अन्य थानों में शराब और जुएं के खिलाफ अभियान काफी सुस्त है। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि दिवाली पर बाजार में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खुद गश्त करें। आतिशबाजी की दुकानें यदि निर्धारित स्थान से अलग लगती हैं तो तत्काल कार्रवाई करें। आतिशबाजी के सामान को अवैध रूप से स्टाक करने वालों के यहां छापा मारें। उन्होंने कुछ थानों में वाहनों की चेकिंग की कम प्रगति पर नाराजगी जताई और तत्काल इसमें सुधार के निर्देश दिए।