लोहाघाट (चंपावत)। लोक निर्माण विभाग ने डिग्री कॉलेज मोटर मार्ग पर 8.16 लाख रुपये की लागत से क्रश बैरियर लगाए हैं। इन बैरियरों से सड़क पर होने वाली वाहन दुर्घटनाओं का खतरा कम हो गया है।
यह मार्ग बाड़ीगाड़ से डिग्री कॉलेज तक कई दुर्घटनाओं का गवाह रहा है। इन दुर्घटनाओं में कई लोग और छात्र चोटिल हुए थे। रायनगर चौड़ी, डेंशली, कोयाठी, गरला गांव, घूमलाई और गंगनौला के निवासी इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। वन कर्मचारी भी प्रतिदिन यहां से गुजरते हैं। छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने विभाग से क्रश बैरियर लगाने की मांग की थी। विभाग ने 216 मीटर लंबी सड़क पर ये बैरियर लगाए हैं। इस पहल के लिए लोगों ने लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है।
........
लोनिवि की ओर से बाड़ीगाड़ से रेंज ऑफिस तक सड़क किनारे क्रश बैरियर लगाने का कार्य सराहनीय है। क्रश बैरियर लगाने से दुर्घटनाओं का खतरा कम हो गया है।
-मोहन चंद्र पंत, स्थानीय
कॉलेज में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों की काफी आवाजाही होती है। सड़क किनारे क्रश बैरियर न होने और सड़क सिंगल लेन होने से पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। क्रश बैरियर लगाने की लोनिवि की पहल सराहनीय है।
-केदार दत्त सुतेड़ी, स्थानीय
डिग्री कॉलेज मोटर मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 216 मीटर लंबाई में 8.16 लाख रुपये लागत से क्रश बैरियर लगाया गया है। भविष्य में दुर्घटनाएं कम होगी।
-हितेश कांडपाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, लोहाघाट