पिथौरागढ़/पांखू। कोरोना के टीके की उपलब्ध कम होने के कारण बृहस्पतिवार से टीकाकरण प्रभावित हो सकता है। अभी 74 टीका केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से सिर्फ करीब 24 टीका केंद्रों में टीकाकरण जारी है।
अगर इन टीका केंद्रों में टीके खत्म हो गए तो टीके को आने वाले लोगों को मायूस लौटना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग के पास पहले दस हजार कोविशील्ड के टीके आए थे। इनमें छह हजार 18 से 44 आयु वर्ग और चार हजार 45 से अधिक आयु वाले लोगों को लगाने को मिले थे।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग के पास दो हजार डोज 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए आ रही है। इनमें से 400 को वैक्सीन और 1600 कोविशील्ड शामिल हैं। पांखू में पांच दिनों से टीकाकरण का काम टीके की कमी के चलते रुका है।
इससे लोगों में निराशा है। कांग्रेस नेता विनोद कार्की ने कहा कि लोग रोज टीका केंद्र में टीका लगाने के लिए आ रहे हैं लेकिन टीके उपलब्ध नहीं है। यहां पर 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण ही शुरू नहीं हुआ है, जबकि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोग दूसरा टीका नहीं लगने से परेशान हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से क्षेत्र में टीकाकरण शुरू कराने की मांग की है।
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। चौकोड़ी पर्यटक आवास गृह कोविड केयर सेंटर (थ्रीसी) की कमान सेना ने अपने हाथ में ले ली है। सेना के मेजर अरुण कुमार, एसडीएम अभय प्रताप सिंह और सीएचसी प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने थ्रीसी का निरीक्षण किया।
जहां पर थ्रीसी को सेना कोविड सेंटर बनाने का निर्णय लिया गया। डॉ. पाटनी ने बताया कि अब थ्रीसी में 100 बेडों की व्यवस्था की जाएगी। वहां अभी 44 बेड हैं। सेना इस केयर सेंटर में आधुनिक मशीनें भी लगाएगी। सेना, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन मिलकर इसका संचालन करेगा।