फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात, निचले क्षेत्रों में बारिश से बढ़ी ठंड

विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। सीमांत जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर रोज बारिश और बर्फबारी हो रही है। भारी बारिश के कारण मलबा आने से धारचूला-तवाघाट एनएच ढाई घंटे बंद रहा।
विज्ञापन

इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई पर हिमपात के कारण लगातार ठंड बढ़ रही है। बुधवार को डीडीहाट और अस्कोट क्षेत्रों में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि भी हुई।
धारचूला में मंगलवार शाम सर्वाधिक 30 मिमी बारिश हुई। पिथौरागढ़ में 3.5 मिमी, मुनस्यारी में 3.4 मिमी, बेड़ीनाग और डीडीहाट में 0.5 मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोबाट के पास मलबा आ गया।
विज्ञापन

इससे करीब ढाई घंटे तक सड़क बंद रही। सड़क के बंद रहने से कई वाहन फंसे रहे। मलबा हटाने के बाद आवाजाही बहाल हुई। ऊंची चोटी हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, नागनिधूरा, मल्ला जोहार, छिपलाकेदार आदि स्थानों पर बर्फबारी हो रही है।
इससे निचले क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट आई है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। लगातार हो रही बारिश के बाद नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह मौसम सामान्य रहा।
दोपहर से आसमान में बादल छाने लगे थे। दोपहर तीन बजे बाद जिला मुख्यालय सहित कई क्षेत्रों में तेज गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। डीडीहाट और अस्कोट में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई।
अस्कोट में रास्ते और खेत ओलों से पट गए। लगातार ओले गिरने से फल और सब्जी को व्यापक नुकसान हो रहा है। पहले सूखे की मार और अब अतिवृष्टि से किसान परेशान हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मौका मुआयना कर क्षतिपूर्ति की मांग की है।
नाचनी क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि से आलू की फसल चौपट
नाचनी/धारचूला। बुधवार शाम नाचनी क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हुई। करीब 20 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। इससे आलू की फसल को काफी नुकसान हुआ है। पूरी फसल चौपट होने से किसान मायूस हैं।
ओलों से अन्य फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। बुधवार शाम को धारचूला में भी मूसलाधार बारिश होने के कारण एक घंटे तक मोबाइल नेटवर्क भी गायब रहा। पिथौरागढ़ में देर शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें