झूलाघाट में एसएसबी के अधिकारियों को ज्ञापन देते भारत-नेपाल के प्रतिनिधि।
- फोटो : PITHORAGARH
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। सीमा पुल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से हो रहे एंटीजन टेस्ट को ही आधार मानकर नेपाली नागरिकों को झूलाघाट आने की मांग जोर पकड़ने लगी है। शनिवार को नेपाल और भारत के व्यापार संघ प्रतिनिधियों ने एसएसबी के अधिकारियों से मिलकर एंटीजन टेस्ट को ही मान्य करने का ज्ञापन दिया।
रविवार को दोनों देशों का शिष्टमंडल इस संबंध में बैतड़ी प्रशासन से भी मिलेगा। कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने सीमा पुल पर नेपाल से आने वालों को एंटीजन टेस्ट के बाद ही भारत में आने के आदेश दिए हैं। उसके बावजूद सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां अभी भी नेपाली नागरिकों से आरटीपीसीआर रिपोर्ट मांग रही है।
इससे कई लोग झूलाघाट बाजार में खरीदारी के लिए नहीं आ पा रहे हैं। इसके विरोध में व्यापार संघ और बाजार व्यवस्थापन समिति जूलाघाट (नेपाल) प्रतिनिधियों के नेतृत्व में एसएसबी के अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। जिला उपाध्यक्ष संजीव जोशी ने बताया अब भारत में प्रत्येक व्यक्ति का एंटीजन टेस्ट होने लगा है।
उसके बावजूद पुल पर तैनात एसएसबी के कर्मचारी नेपाल से आने वालों से आरटीपीसीआर रिपोर्ट मांग रहे हैं। उन्होंने एंटीजन टेस्ट को ही मान्यता देने की मांग की है। बाजार व्यवस्थापन समिति के अध्यक्ष दशरथ खड़ायत ने बताया बैतड़ी का जिला मुख्यालय कोरोना जांच सेंटर गांवों से दूर होने के कारण सभी लोग कोरोना जांच नहीं करा पा रहे हैं।
इस कारण लोग सीमावर्ती झूलाघाट बाजार आने से बच रहे है। इस संबंध में रविवार को दोनों देशों के प्रतिनिधि बैतड़ी प्रशासन से भी मिलेंगे। इसमें भारत में हो रही एंटीजन टेस्ट को ही आधार मानकर झूलाघाट में प्रवेश देने की मांग रखी जाएगी। ज्ञापन देने वालों में विमल भट्ट, हरीश रावत मौजूद रहे।