कोरोना वायरस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर घोषित हाई अलर्ट के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम नेपाल से आ रहे लोगों की जांच कर रही है। सोमवार को 152 लोगों की जांच की गई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. फुरखान ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर मिली एडवाइजरी के अनुसार सीमा पर मुस्तैदी से नजर रखी जा रही है। डॉ. आमिर आलम के नेतृत्व में भारत-नेपाल सीमा पुल पर आवाजाही कर रहे लोगों की जांच की जा रही है। ब्रिज कमांडर मोहन सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से मिले दिशा-निर्देश के अनुसार लोगों पर नजर रखी जा रही है।
झूलाघाट झूलापुल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झूलाघाट के डॉ. कल्पित रौतेला, डॉ. प्रकाश पंगरिया, हरीश रावत के नेतृत्व में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए टीम गठित की गई है। सोमवार को 152 लोगों की जांच की गई।
कोरोना वारयस के शुरुआती लक्षण
डॉ. कल्पित रौतेला ने बताया कि कोरोना वायरस के शुरुआती लक्षण में सर्दी-जुकाम,खांसी, बुखार के साथ ही सांस भी फूलती है। कमजोरी का एहसास होता है। इसका सबसे ज्यादा असर फेफड़ों पर पड़ता है। चीन के वुहान सिटी में इस बीमारी के लक्षण मिले। वर्ष 2004 में लगभग एक हजार लोग इस वायरस का शिकार हुए थे।
चीन में फैले कोरोना वायरस के खतरों से किया आगाह
बनबसा / टनकपुर (चंपावत)। चीन में फैले कोरोना वायरस के नेपाल के रास्ते भारत में फैलने की आशंकाओं के मद्देनजर स्वास्थ्य महकमा सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग ने बनबसा-टनकपुर की भारत-नेपाल सीमा पर शिविर लगा लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करना शुरू कर दिया है। लोगों को वायरस के खतरों से आगाह किया जा रहा है।
स्वास्थ्य महकमे ने भारत-नेपाल के प्रवेश द्वार बनबसा और टनकपुर बैराज पर कैंप लगा दिए हैं। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि शासन से मिले निर्देश के बाद बनबसा एवं टनकपुर बैराज पर दो टीमें तैनात की गई हैं, जो बैराज खुलने के समय तक नेपाल से आने वालों से पूछताछ करने के अलावा उन्हें जागरूक करेंगी। भारत-नेपाल के बीच थर्ड कंट्री (भारत और नेपाल छोड़कर) के पर्यटकों के आवागमन का वैधानिक मार्ग बनबसा में होने के कारण यहां खास सतर्कता बरती जा रही है।
बनबसा में डॉ. मो. उमर एवं टनकपुर में एसीएमओ डा. एचएस ह्यांकी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को कोरोना वायरस के संबंध में लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बनबसा में डा. उमर के साथ फार्मासिस्ट प्रकाश भट्ट ने गणतंत्र दिवस से ही कैंप लगा लोगों को कोरोना वायरस के बारे में जानकारी देना शुरू कर दिया। टनकपुर में डॉ. एचएस ह्यांकी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम टनकपुर बैराज पर लोगों को कोरोना वायरस के संबंध में जागरूक करने में जुटी हैं। हेल्थ सुपरवाइजर गणेश चंद, धर्मवीर आदि सहयोग कर रहे हैं।
झूलाघाट में कोरोना वायरस की जांच के लिए सतर्कता बरतते सुरक्षा कर्मी। संवाद न्यूज एजेसी- फोटो : PITHORAGARH