धारचूला (पिथौरागढ़)। लगातार हो रही बारिश और धौलीगंगा पावर स्टेशन के छिरकिला डैम से पानी छोड़ा गया है। इसकी सूचना पर एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के निर्देश पर कोतवाल प्रभात कुमार ने जवानों के साथ आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया।
पुलिस कर्मियों ने माइक के माध्यम से एनाउंस कर लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की। इस समय लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
यदि डैम से पानी छोड़ा गया तो जलस्तर में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसको देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। उधर मुनस्यारी के बंगापानी तहसील के घरुड़ी मनकोट से लुम्ती को जोड़ने वाली कठपुलिया (लकड़ी का पुल) बह गई है।
बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक कहां कितनी हुई बारिश-
पिथौरागढ़- 42.00 मिमी, मुनस्यारी - 36.2 मिमी, धारचूला- 34 मिमी, बेड़ीनाग- 30 मिमी, डीडीहाट- 26 मिमी, गंगोलीहाट- 23.3 मिमी।
बारिश में भी टीकाकरण के लिए पहुंचे लोग
पिथौरागढ़। जिले में बारिश के बाद लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह नजर आया। एक ओर जहां बारिश के चलते लोग घरों में रहे। वहीं टीकाकरण को टीका केंद्रों में लोग छाता ओढ़कर पहुंचे। दिनभर बारिश के बाद भी टीका केंद्रों में टीकाकरण चलता रहा।
18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के 14 टीका केंद्रों में 1411 लोगों का टीकाकरण हुआ। स्टेडियम में 271, देव सिंह मैदान में 199, मूनाकोट में 97, धारचूला में 96, जीआईसी गंगोलीहाट में 94, बेड़ीनाग में 93, डीडीहाट में 90, इग्यारदेवी में 90, महिला अस्पताल में 86, कनालीछीना में 80, मुनस्यारी में 79 लोगों का टीकाकरण हुआ।
चार केंद्रों में हुआ टीकाकरण
पिथौरागढ़। जिले में 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए बनाए गए 39 टीका केंद्रों में से चार में टीकाकरण हुआ, जबकि बुधवार को छह केंद्रों में टीकाकरण हुआ। बृहस्पतिवार को 45 से अधिक आयु वर्ग के 46 लोगों का चार केंद्रों में टीकाकरण हुआ।
बेड़ीनाग में 20, गंगोलीहाट में नौ, थल गोचर में नौ, एमएच में आठ लोगों का टीकाकरण हुआ। इन स्थानों में उपलब्धता के आधार पर टीकाकरण होने की उम्मीद है।
हालांकि शुक्रवार से इस आयु वर्ग के सभी टीका केंद्रों में टीकाकरण शुरू होने की उम्मीद है। इस आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग को साढ़े सात हजार टीके उपलब्ध होंगे।
अब 45 से अधिक आयु वालों का होगा टीकाकरण
पिथौरागढ़। जिले में अब शनिवार से 45 से अधिक आयु वालों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को साढ़े सात हजार कोरोना डोज शुक्रवार तक देहरादून से मिल जाएंगी।
18 से 44 आयु वर्ग का टीकाकरण कार्यक्रम शुक्रवार तक ही जारी रहने की उम्मीद है। टीके उपलब्ध होने पर ही टीकाकरण किया जाएगा। इस आयु वर्ग के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास टीके खत्म हो चुके हैं।