बेस अस्पताल में क्वारंटीन का निरीक्षण करते डीएम विजय कुमार और ब्रिगेडियर एसके मंडल। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
कोराना महामारी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन की मदद को सेना तैयार है। क्वारंटीन की व्यवस्था के लिए डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के साथ 119 इंफेंट्री बटालियन के ब्रिगेडियर एसके मंडल, सेना मेडल ने निर्माणाधीन बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम ने कार्यदायी संस्था को आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए प्रशासन सजग है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. जोगदंडे, ब्र्रिगेडियर एसके मंडल, सेना अस्पताल के इंचार्ज ने अधिकारियों के साथ बेस अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के लिए क्वारंटीन की अस्थायी व्यवस्था बनाने का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि अभी निर्माणाधीन बेस अस्पताल में कई कार्य बचे हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को बिजली, पानी आदि की व्यवस्था 15 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
ब्रिगेडियर मंडल ने सेना की ओर से प्रशासन को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो सेना से भी मदद ली जाएगी। कोरोना से निपटने के लिए हर संभव सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी लॉकडाउन का पालन करते हुए घरों पर ही बने रहने का अनुरोध किया है। बता दें कि विदेश और मैदानी क्षेत्रों में काम करने वाले लोग बड़ी संख्या में घरों को लौट आए हैं। ऐसे में किसी एक भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो इससे मुश्किलें काफी अधिक बढ़ सकती हैं।