पिथौरागढ़। कोविड केयर सेंटरों (थ्र्री सी) में सुविधाओं का अभाव होने के कारण लोग होम आइसोलेशन में रहना पसंद कर रहे हैं। थ्र्री सी से स्वस्थ होकर लौटे लोगों का कहना है कि कोविड सेंटरों में रोगियों का कोई सुधलेवा नहीं है जबकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि रोगियों को हरसंभव सुविधाएं दी जा रही हैं।
सीमांत जिले में कोरोना के 134 रोगी उपचार करवा रहे हैं। इनके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कोविड अस्पताल, जिला अस्पताल, डीडीहाट, चंडाक में रहने की व्यवस्था की है। इन थ्र्री सी में कोविड रोगियों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इस कारण लोग होम आइसोलेशन में रहना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए केयर सेंटरों में मात्र 34 लोग रह रहे हैं। बांकी 91 लोग होम आइसोलेशन में रह रहे हैं। स्वस्थ होकर लौट चुके लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाए सेंटरों में सर्दी के मौसम में कमरों को गर्म रखने की व्यवस्था नहीं है। इस कारण थ्र्री सी में नए रोगी जाने से कतरा रहे हैं।