एटीएम वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते सहकारी बैंक अध्यक्ष मनोज सामंत। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। माइग्रेशन के दौरान चीन सीमा के निकट स्थित सीमांत गांवों के ग्रामीणों को भी अब एटीएम वैन के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी। पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक को नाबार्ड के सहयोग से मिली एटीएम वैन को उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित दारमा, व्यास और चौदास घाटी क्षेत्रों में भी भेजा जाएगा। बुधवार को पिथौरागढ़ में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष और महाप्रबंधक ने हरी झंडी दिखाकर इस एटीएम वैन को रवाना किया।
इस मौके पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सामंत ने बताया कि एक एटीएम वैन पहले से संचालित की जा रही है। इस वैन से कोविड काल में आम जनता को काफी सुविधा मिली है। नाबार्ड के सहयोग से बैंक को एक और वैन मिल गई है। इस वैन को जिले के दूरस्थ और बैंकिंग सुविधा से वंचित क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एटीएम वैन जिले के धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित दारमा, व्यास और चौदास के जिन गांवों में सड़क और संचार सुविधा है वहां पर लोगों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराएगी। मानसून काल में प्रवास पर जाने वाले ग्रामीणों को मुख्य रूप से एटीएम वैन के माध्यम से बैंकिंग सुविधा मिलेगी। वैन में ग्राहक रुपये जमा और निकासी दोनों कर सकते हैं।
संचार नेटवर्क से जुड़ चुके हैं सीमांत के अधिकांश गांव
पिथौरागढ़। डिजिटल इंडिया के तहत केंद्र सरकार के निर्देश पर इस साल चीन सीमा से सटे पिथौरागढ़ जिले के गांवों में संचार नेटवर्क शुरू करने का काम तेजी से हो रहा है।
दारमा घाटी और व्यास घाटी के अधिकांश गांवों में बीबीएनएल कंपनी के उपकरण लग चुके हैं। सीपू, कुटी और गुंजी में सेवा शुरू हो गई है। अन्य गांवों में उपकरण स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है। इससे ग्रामीण वीडियो आडियो कालिंग के साथ ही ह्वाट्सएप का उपयोग भी कर पा रहे हैं। ऐसे में सड़क ठीक होने पर जिन गांवों में भी संचार सेवा काम करेगी वहां पर लोग सहकारी बैंक की एटीएम वैन से बैंकिंग सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। (संवाद)