बेड़ीनाग महाविद्यालय में छात्रा से छेड़छाड़ करने और अश्लील मैसेज भेजने के आरोपी संविदा प्राध्यापक को निदेशालय अटैच कर दिया गया है। विद्यार्थियों ने प्राचार्य से मुलाकात कर आरोपी प्राध्यापक के खिलाफ उच्चस्तरीय जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महाविद्यालय में बीते शुक्रवार को संगीत के संविदा प्राध्यापक पर एक छात्रा ने छेड़खानी और अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों और विद्यार्थियों ने संबंधित प्राध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए महाविद्यालय और कोतवाली में हंगामा किया। शनिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु बोनाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने प्रभारी प्राचार्य प्रो. पूरन सिंह महरा से मुलाकात की और आरोपी प्राध्यापक के खिलाफ उचित कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकाल के लिए महाविद्यालय बंद करने की चेतावनी दी।
विद्यार्थियों ने बताया कि आरोपी प्राध्यापक पूर्व में भी कई छात्राओं के साथ छेड़खानी कर चुका है। लोकलाज के भय से पीड़ित छात्राएं चुप रहीं। ऐसे में संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विद्यार्थियों के आक्रोश को देखते हुए आरोपी प्राध्यापक को निदेशालय अटैच करने के निर्देश जारी हुए हैं।
ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष दीपक उप्रेती, पूर्व ब्लाॅक प्रमुख रेखा भंडारी ने भी मामले की उच्च स्तरीय जांच के साथ ही महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी लगाने की मांग की है। हालांकि मामले में अब तक किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस में तहरीर नहीं दी गई है।
कोट :=:=
छात्रा के साथ छेड़खानी करने के आरोपी संविदा प्राध्यापक हरीश जोशी को निदेशालय अटैच करने के निर्देश जारी हुए हैं। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-प्रो. पूरन सिंह महरा, प्रभारी प्राचार्य, बेड़ीनाग महाविद्यालय।