पिथौरागढ़ में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव करते कांग्रेसी
- फोटो : अमर उजाला
जिले में दो माह से लगातार हो रही विद्युत कटौती से भड़के कांग्रेसियों ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता का घेराव किया और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर विद्युत व्यवस्था सुचारु नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि प्रदेश के वित्त मंत्री के जिले में लोग बिजली, पानी के लिए तरस गए हैं। इससे साबित होता है कि मंत्री को या तो जनसमस्याओं के समाधान की चिंता नहीं है या फिर उनका अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है।
जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में लंबे समय से बिजली कटौती हो रही है, यह समस्या तब आ रही है, जबकि इस जिले को धौलीगंगा परियोजना से 24 घंटे अबाध बिजली मिलती है। कांग्रेस नेत्री पद्मा बिष्ट ने कहा कि विद्युत कटौती से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को हो रही है।
किसान नेता निर्मल लोहिया, दीपक लुंठी ने कहा कि कांग्रेस के पिछले शासनकाल में बिजली का कोई संकट नहीं हुआ। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आते ही लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। प्रदर्शन में गजेंद्र वल्दिया, राजेश शर्मा, पवन पाटनी, योगिता बिष्ट, अशुमन, कलावती, चंद्रा नेगी, हीरा सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।