पिथौरागढ़। एनएचएम कर्मियों के समर्थन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को घर पर रहकर धरना दिया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में एनएचएम कर्मी फ्रंटलाइन वर्कर की भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों की अनदेखा कर रही है। उन्होंने एनएचएम कर्मियों की मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने घरों में रहकर सरकार के खिलाफ धरना दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने एनएचएम कर्मियों की मांग को पूरा नहीं किया। इससे एनएचएम कर्मी नाराज होकर होम आइसोलेशन में चले गए हैं।
एनएचएम कर्मी दैनिक मजदूरी से भी कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं, न तो उनकी नौकरी सुरक्षित है और न ही बीमा है। केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे 15 प्रतिशत बोनस को काट कर राज्य सरकार ने उन्हें सिर्फ 6.75 प्रतिशत बोनस देने की घोषणा की है। उनका 8.25 प्रतिशत सरकार ने छीन लिया है।
उनकी हड़ताल से कोरोना जांच, कोविड रिपोर्टिंग, प्रसव आदि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। धरना देने वालों में रजत विश्वकर्मा, अभिषेक कोहली, नब्बू भंडारी, शिवम पंत, कार्तिक खर्कवाल, नीरज रावल, प्रियांशु कोहली, जितेंद्र भंडारी, प्रकाश देवली, दीपक जोरा आदि थे।