कांग्रेसियों ने नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू नहीं होने के विरोध में मंगलवार को हवाई पट्टी के मुख्य गेट पर धरना देने के साथ ही प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में उड़ान शुरू नहीं होती है, तो किसी भी मंत्री के हेलीकॉप्टर, हवाई जहाज को हवाई पट्टी पर नहीं उतरने दिया जाएगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में हवाई पट्टी पहुंचे लोगों ने हवाई पट्टी के मुख्य द्वार पर धरना दिया। कहा कि हवाई सेवा को लेकर लंबे समय से गुमराह किया जा रहा है। 2017 से हवाई सेवा शुरू होने की बात कही जा रही थी। 8 अक्तूबर 2018 को भाजपा के कई नेता उड़ान का उद्घाटन करने यहां पहुंचे, लेकिन उड़ान शुरू नहीं हुई।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता भुवन पांडे ने कहा कि उड़ान को लेकर बहानेबाजी की जा रही है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने भी विचार रखे। धरने पर भूरे मियां, बसंत जशी, दीपक लुंठी, हीरा बिष्ट, नरेंद्र सौ, सुरेंद्र कुमार, मनोज बिष्ट, रवि महर, शुभम बिष्ट, प्रकाश देवली, करन सिंह, नीरज जोशी, आनंद धामी, कुंडल महर, पारस सिंह, योगी नगरकोटी आदि बैठे।
2016 की हवाई सेवा का क्या हुआ : भाजपा
पिथौरागढ़। भाजपा नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कांग्रेस के धरने को राजनीतिक स्टंट करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को अक्तूबर 2016 की हवाई सेवा का जवाब जनता को देना चाहिए। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत को हवाई सेवा का उद्घाटन करना था, लेकिन हवाई सेवा शुरू नहीं हुई। चुनाव में कुछ दिन स्टेट प्लेन चलाकर लोगों को गुमराह किया गया था। आज जब हवाई पट्टी को उड़ान लायक बना दिया गया है। सारी आपत्तियां दूर करा दी हैं। विमानन महानिदेशालय का लाइसेंस मिल गया है, जल्द ही उड़ान शुरू होने वाली है।