पिथौरागढ़। पहली बार अस्तित्व में आए पिथौरागढ़ नगर निगम में निकाय चुनाव के लिए मैदान सज चुका है।आरक्षित होने की वजह से महिला योद्धा मैदान में उतर चुकी हैं। भाजपा के प्रत्याशी घोषित करने के बाद कांग्रेस ने भी अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पहले मेयर की जंग में कांग्रेस ने भाजपा की कल्पना देवलाल के खिलाफ अंजू लुंठी पर दांव लगाया है। दोनों दलों की नेताओं के साथ ही महापौर के लिए निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशियों ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। दोनों दलों की प्रत्याशियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पर्चा दाखिल करने के बाद नगर में जुलूस निकाला और अपनी-अपनी जीत का दावा किया।
सोमवार को भाजपा प्रत्याशी कल्पना संगठन के पदाधिकारियों, नेताओं के साथ तहसील कार्यालय पहुंची और नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ नगर में रैली निकाली। सैकड़ों कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए और अपनी प्रत्याशी की जीत का दावा किया। इससे पूर्व भाजपा ने रामलीला मैदान में जनसभा की। नेताओं ने कहा कि हर कार्यकर्ता अपनी प्रत्याशी को जिताने के लिए समर्पित रहेगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, राकेश देवलाल, इंद्र लुंठी सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अंजू लुंठी ने भी संगठन के पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ सिल्थाम तिराहे से रैली निकाली और ढोल-नगाड़ों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व टिकट देकर जो भरोसा उन पर जताया है इस पर वह खरा उतरेंगी। कहा भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते जनता का भरोसा कांग्रेस पर बढ़ा है। लुंठी ने भी अपनी जीत का दावा किया। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मयूख महर, पूर्व दायित्वधारी महेंद्र लुंठी, शमशेर महर, राजेंद्र भट्ट और दीपक लुंठी शामिल रहे।
मुनस्यारी.... भाजपा से सत्यवान, कांग्रेस मनोहर ने अध्यक्ष के लिए दाखिल किया पर्चा
मुनस्यारी। नगर पंचायत में पहली बार निकाय चुनाव होंगे। यहां भाजपा ने सत्यवान निखुर्पा और कांग्रेस ने मनोहर सिंह टोलिया को अपना प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को दोनों ने नामांकन कराया। दोनों ही अपने समर्थकों के साथ ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों ने ही अपनी जीत का दावा करते हुए भरोसा जताने के लिए कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। संवाद
धारचूला...भाजपा की बेला, कांग्रेस की शशि आमने-सामने
धारचूला। नगर पालिकाध्यक्ष के लिए भाजपा प्रत्याशी बेला शर्मा समर्थकों के साथ रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंची और नामांकनपत्र दाखिल किया। समर्थक ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते रहे। बेला शर्मा ने कहा पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है जिस पर वह खरा उतरेंगी। स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं के समर्थन से उन्हें जीत अवश्य मिलेगी।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी शशि थापा ने भी समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन कराया। कहा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी को जीत दिलाने में वह कामयाब रहेंगी। हर कार्यकर्ता के साथ ही जनता का समर्थन उन्हें मिलेगा। संवाद
भाजपा-कांग्रेस में नाराज नेताओं से रोचक हुआ मुकाबला
पिथौरागढ़। पहली बार अस्तित्व में आए नगर निगम चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज दोनों दलों के नेताओं की चुनावी मैदान में एंट्री से मुकाबला रोचक हो गया है। दोनों ही दलों के नाराज दिग्गज भी नामांकन कराकर मैदान में डटे हैं। यदि इन नेताओं ने अंत तक चुनावी ताल ठोकी तो इससे दोनों ही दलों की दिक्कत बढ़ सकती है। दोनों पार्टियों के लिए इस चुनावी रार को सुलझाना भी किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
भाजपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत की पत्नी सीमा रावत ने प्रत्याशी घोषित होने से पहले ही नामांकन करा लिया। जब उनका टिकट कट गया तो नाराजगी और बढ़ गई। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रमिला बोहरा, चंद्रकला महर, उमा पांडे सहित पार्टी की अन्य सक्रिय नेताओं ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर पार्टी को सोचने पर मजबूर किया है।
वहीं कांग्रेस में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर की पत्नी मोनिका महर का टिकट कटने से उनके पक्ष में खड़े विधायक मयूख महर ने निकाय चुनाव में कांग्रेस का हाथ छोड़ने का एलान किया है। अब वह पार्टी का साथ छोड़ निर्दलीय प्रत्याशी के साथ खड़े हैं।
कांग्रेस की नगर अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने भी बतौर निर्दलीय नामांकन कराया है। हालांकि दोनों ही दलों को नाम वापसी की तिथि का इंतजार है। दोनों ही दलों को उम्मीद है कि निर्दलीय चुनावी ताल ठोक रहे दिग्गज नाम वापस लेते हुए पार्टी के साथ खड़े होंगे। यदि ऐसा नहीं हुआ और सभी चुनावी मैदान में डटे रहे तो दंगल घमासान होगा और ये नेता दोनों ही दलों का गणित बिगाड़ेंगे।
पूर्व पालिकाध्यक्ष रावत की दूरी बनी चर्चा का विषय
पिथौरागढ़। टिकट बंटवारे को लेकर बीते दिनों जिला मुख्यालय में हुई बैठक में पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत की पत्नी सीमा रावत और भाजपा के प्रदेश महामंत्री राकेश देवलाल की पत्नी कल्पना देवलाल का नाम शीर्ष नेतृत्व को भेजा गया था। अंतिम क्षणों तक सीमा रावत को टिकट मिलने की चर्चा थी और बीते शनिवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया। सीमा रावत अब भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। वह नामांकन वापस लेंगी या मैदान में डटी रहेंगी इस पर निर्णय होना है लेकिन उनके पति और भाजपा के सिपाही राजेंद्र सिंह रावत की पार्टी प्रत्याशी के नामांकन से दूरी बनाना चर्चा का विषय जरूर बना है। संवाद
कोट
- पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। पार्टी के जिन कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय नामांकन कराया है वे नाम वापसी करेंगे इसमें कोई संशय नहीं है। - गिरीश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष।
- प्रत्याशी को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने फैसला लिया है इसका सम्मान करना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है। विधायक महर का आशीर्वाद लेकर उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। सभी नाराज कार्यकर्ताओं को मना लिया जाएगा। - अंजू लुंठी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष।
लेफ्टिनेंट सुषमा बिष्ट माथुर ने कराया नामांकन
पिथौरागढ़। आम आदमी पार्टी इकाई से पिथौरागढ़ नगर निगम चुनाव के मेयर पद के लिए सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट सुषमा बिष्ट माथुर ने अपना नामांकन कराया। उन्होंने नगर की मूलभूत सुविधाओं को मुहैया कराने का संकल्प लिया। साथ ही बिजली, पानी, साफ-सफाई, सीवर, मोक्षधाम का रखरखाव, पर्यटन के लिए पार्कों का निर्माण सहित अन्य समस्याओं का निस्तारण करने की बात कही। आप के जिलाध्यक्ष कैप्टन महादेव भट्ट ने कहा कि नगर में हर क्षेत्र में विकास कार्य किया जाएगा। इस दौरान कर्नल अतुल माथुर, सूबेदार मेजर गोविंद सिंह बिष्ट, गिरीश जोशी, छवि लाल वर्मा, अशोक पांडे, हरीश धामी, चंद प्रकाश पुनेड़ा आदि मौजूद रहे। संवाद
भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
बनबसा (चंपावत)। बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 11 दावेदारों में सिर्फ पांच प्रत्याशियों के मैदान में होने से अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होनी तय है। किस पार्टी का पलड़ा भारी होगा यह मतदाता ही बैलेट के माध्यम से तय करेंगे। बनबसा के सात वार्डों के मतदाता ही जीत हार की इबारत लिखेंगे।
बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष पद की सीट एससी होने से मजबूत आर्थिक स्थिति वाले प्रत्याशियों के अभाव के चलते चुनावी दंगल रोचक होने की संभावना है। देखना है कि भाजपा और कांग्रेस के समर्थक मतदाताओं को कितना अपने पक्ष में कर पाते हैं।
भाजपा और कांग्रेस के कुछ समर्थक तो अपने दल की जीत का दावा तक कर रहे हैं, लेकिन आगामी 23 जनवरी को ही इसका अंदाजा लग पाएगा कि ऊंट किस करवट बैठेगा। बनबसा में नगर पंचायत अध्यक्ष पद की जीत हार क्षेत्र के कुछ दिग्गज राजनीतिज्ञों का भविष्य भी तय करेगी। संवाद
पिथौरागढ़ नगर निगम में भाजपा के पार्षद उम्मीदवारों की सूची
पिथौरागढ़। भाजपा ने पिथौरागढ़ नगर निगम में पार्षद के लिए 24 वार्डों से अधिकृत प्रत्याशी उतारे हैं। पिथौरागढ़ नगर निगम में कुल 40 वार्ड हैं। भाजपा ने 16 वार्डों में पार्षद के अधिकृत प्रत्याशी नहीं उतारे हैं।
वार्ड प्रत्याशी
कुमौड़ आशा देवी
पियाना राजेंद्र टम्टा
टकाना कॉलोनी विक्रम वाल्मीकि
शिव विहार विनोद रावत
विण सरोज देवी
पदमपुर कॉलोनी पृथ्वी राज बिष्ट
भदेलवाड़ा गोपाल सिंह राना
चंद्रभागा ललिता जोशी
ढुंगखानी दीपक महर
न्यू तिलढुकरी नीरज कोठारी
जगदंबा कॉलोनी अनीता सामंत
जागृति कॉलोनी ललित पंत
पुराना बाजार मो. सरफराज
नया बाजार उमेश लाल शाह
सिमलगैर कविंद्र शाह
ऐंचोली कमला पांडे
पनलोट भूपेंद्र सिंह बेलाल
दौला सरस्वती देवी
पूर्वी सिनेमालाइन अंशु नागी
धनौड़ा भावना कापड़ी