मल्लिकार्जुन स्कूल में युवा कवि सुंदर चंद ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
युवा कवि सुंदर चंद ठाकुर ने कहा कि जीवन में सफलता की प्राप्ति के लिए आत्मविश्वास होना जरूरी है। बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगन, जुनून और धैर्य होना चाहिए। शुक्रवार को मल्लिकार्जुन स्कूल पहुंचे सुंदर चंद ठाकुर ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य तय होना चाहिए, यदि बचपन में ही जीवन का लक्ष्य तय किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
कवि सुंदर चंद ठाकुर क्रिकेटर उन्मुक्त चंद के चाचा हैं। वह इन दिनों अपने गांव खड़कूभल्या आए हैं। वह हर साल गर्मियों में गांव आते हैं। मल्लिकार्जुन स्कूल में हुए कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों को प्रेरित करने के लिए कई टिप्स दिए। विद्यालय की प्रबंधक रचना जोशी ने सुंदर चंद का स्वागत करते हुए कहा कि सुंदर चंद ने बचपन से ही रचनाकर्म शुरू कर दिया था। वह सेना में कैप्टन भी बने, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी। आज वह कविता के क्षेत्र में काफी नाम कमा चुके हैं। प्रधानाचार्य ऋचा पंत ने बच्चों से अपील की कि उनको जो जानकारी दी गई है उसे जीवन में उतारें।