सड़क में कटी जमीन का मुआवजा दिलाने, पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने के साथ ही निर्माणाधीन सड़क की जांच कराने की मांग को लेकर सिरकुच, बसेड़ा क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को रोबिन किसान क्लब सिरकुच (मूनाकोट) के नेतृत्व में सड़क में उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, बसेड़ा तोक में पांच साल तो सिरकुच प्राइमरी स्कूल में एक साल से पानी नहीं आ रहा है।
किसान क्लब और युवक मंगल दल सिरकुच के अध्यक्ष अनिल चंद के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने लोनिवि, जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाधिकारी सुशील कुमार को सौंपे ज्ञापन में लोगों ने कहा कि मूनाकोट से सिरकुच के लिए बन रही सड़क में पीएमजीएसवाई डिवीजन ने ढाई किमी निर्माण होना दिखाया है, लेकिन हकीकत में सड़क दो किमी भी नहीं बनी है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिरकुच की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई माह तक गांव में पानी की सप्लाई नहीं हुई, लेकिन विभाग पानी के बिल भेज रहा है। जिस अवधि में पानी नहीं आया, उस अवधि के पानी के बिल माफ होने चाहिए।
लोगों ने बताया कि मनकोट सड़क निर्माण के कारण पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से सिरकुच के बसेड़ा तोक में पांच साल से तो सिरकुच प्राइमरी स्कूल में एक साल से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। जल संस्थान पेयजल योजना की मरम्मत नहीं करा रहा है। उन्होंने कहा कि मूनाकोट-सिरकुच सड़क में कटी जमीन का कम दरों पर मुआवजा दिया जा रहा था, जिसे ग्रामीणों ने नहीं लिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दर के हिसाब से काश्तकारों को मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। प्रदर्शन में गोविंद चंद, मोहन चंद, बहादुर चंद, महेश चंद, दानी चंद, भूपाल राम, नारायण चंद आदि मौजूद थे।