जिला मुख्यालय सदर की रामलीला श्रीराम-भरत मिलाप के मंचन के साथ संपन्न हो गई। टकाना की रामलीला में रावण वध की लीला का मंचन हुआ। उधर, थल, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट और गणाईगंगोली में रामलीला जारी है।
जिला मुख्यालय की सदर की रामलीला में श्रीराम-भरत मिलाप का सुंदर मंचन किया गया। भगवान राम के अयोध्या पहुंचने पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। लोग गा रहे थे ‘चलो चलो री सखी सब देखन को रघुनंदन रथ चढ़ि आवत है, सियाराम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न हनुमंत चंवर डुलावत है।’ रामलीला कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र माहरा ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। टकाना की रामलीला में कुंभकर्ण, मेघनाद, रावण बध का मंचन किया गया।
उधर, गंगोलीहाट की रामलीला में अंगद-रावण संवाद की लीला का रोचक मंचन किया गया। अंगद-रावण संवाद को दर्शकों की खूब सराहना मिली। बेड़ीनाग की रामलीला में नाक-कान कटने के बाद सूर्पणखा अपने भाई खर और दूषण के पास पहुंचती है। खर-दूषण सेना सहित पंचवटी पहुंचकर राम, लक्ष्मण, सीता पर आक्रमण करना चाहते हैं। भगवान राम सीता और लक्ष्मण को पास की एक गुफा में भेज देते हैं। भगवान राम के हाथों खर-दूषण सेना सहित मारे जाते हैं। वहीं, थल की रामलीला में अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति की लीला का मंचन किया गया। इसके अलावा गणाईगंगोली की रामलीला में भी सूर्पणखा के नाक-कान काटने की लीला का मंचन किया गया।