फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठंड से ठिठुरे परीक्षार्थी, जलानी पड़ी अंगीठी

Thu, 25 Jan 2018 10:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मुनस्यारी
विज्ञापन
मुनस्यारी कालेज में परीक्षार्थियों के लिए जलाई गई अंगीठी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। बृहस्पतिवार को कॉलेज के विद्यार्थियों की भूगोल विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। शून्य से कम तापमान में हुई इस परीक्षा के दौरान अंगीठी जलानी पड़ी।

विज्ञापन


बृहस्पतिवार को भी सेमेस्टर की परीक्षा हुई। तीन कमरों में अन्य कक्षाओं के परीक्षार्थियों को बैठाया गया, लेकिन भूगोल विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए आए परीक्षार्थियों को बरामदे में बैठाना पड़ा। कॉलेज परिसर के आसपास बर्फ जमी हुई थी। बरामदे तक बर्फीली हवाएं चलने से परीक्षार्थियों के हाथ ठंड से अकड़ गए और उनको लिखने में परेशानी होने लगी। बाद में प्राचार्य डॉ. मंजुला चंद ने बरामदे में बैठकर प्रयोगात्मक परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों के लिए अंगीठी जलाने के आदेश दिए। कुछ देर में जब अंगीठी रखी गई तब जाकर परीक्षार्थियों को राहत मिली।

बता दें कि मुनस्यारी कॉलेज 18 वर्ष पहले खुल गया था। तीन वर्ष पहले भवन की मंजूरी तो हो गई, लेकिन अब तक भवन नहीं बन पाया है। 18 वर्ष से यह कॉलेज जीआईसी के तीन कमरों में संचालित हो रहा है। कॉलेज में छात्रसंख्या 526 है। यदि किसी दिन परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी तो उस दिन व्यवस्था बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पिछले हफ्ते कई विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ी थी। प्रयोगात्मक परीक्षा देने आए छात्र विक्रम कुमार ने बताया कि ठंड से हाथ अकड़ गए। लिखने के लिए हाथ में पेन पकड़ना भी मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा कि यदि अंगीठी नहीं जलती तो परीक्षा नहीं दे पाते।
विज्ञापन


स्थानीय विधायक हरीश धामी ने कहा कि कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कॉलेज भवन के लिए जमीन और धन की व्यवस्था की थी। साथ ही भवन का निर्माण भी शुरू कर दिया था, लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार आते ही भवन का काम ठप पड़ गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला अगले विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें